November 12, 2026

शेयर बाजार में लगातार दूसरे दिन तेजी, सेंसेक्स 773 अंक चढ़ा; निवेशकों की संपत्ति में 6 लाख करोड़ का इजाफा

0
sheyr-bajar-men-lgatar-doosre-din-tejee-senseks-773-ank.jpg


Ad 7

 नई दिल्ली। भारतीय शेयर बाजार में बुधवार को लगातार दूसरे दिन खरीदारी का जोर देखने को मिला। विदेशी निवेशकों की सक्रियता और वैश्विक बाजारों से मिले सकारात्मक संकेतों के दम पर सेंसेक्स और निफ्टी दोनों बढ़त के साथ बंद हुए। कारोबार के अंत में सेंसेक्स 772.75 अंक यानी 0.95 फीसदी उछलकर 81,879.40 के स्तर पर पहुंच गया। वहीं निफ्टी 210.40 अंक यानी 0.84 फीसदी की मजबूती के साथ 25,255.05 पर बंद हुआ। बाजार की इस तेजी से निवेशकों की संपत्ति में करीब छह लाख करोड़ रुपये का इजाफा हुआ।

बुधवार के कारोबार में कई प्रमुख कंपनियों के शेयरों में अच्छी खरीदारी रही। महिंद्रा एंड महिंद्रा (एमएंडएम) के शेयर करीब पांच फीसदी चढ़े, जबकि इंडिगो में चार फीसदी की बढ़त दर्ज की गई। अधिकांश सेक्टोरल इंडेक्स हरे निशान में बंद हुए, जिससे बाजार में व्यापक स्तर पर सकारात्मक रुख दिखाई दिया। हालांकि फार्मा और हेल्थकेयर से जुड़े शेयरों पर दबाव बना रहा। आईटी इंडेक्स में लगभग स्थिर कारोबार हुआ, जबकि आरईआईटी इंडेक्स मामूली गिरावट के साथ बंद हुआ।

पीएसयू बैंक और बैंकिंग शेयरों में सबसे ज्यादा खरीदारी

क्षेत्रीय सूचकांकों में निफ्टी पीएसयू बैंक इंडेक्स सबसे आगे रहा। इसमें 3.02 फीसदी की तेजी दर्ज की गई। निफ्टी बैंक इंडेक्स भी 2.29 फीसदी मजबूत हुआ, जबकि फाइनेंशियल सर्विसेज इंडेक्स में 1.71 फीसदी की बढ़त रही। इसके अलावा ऑटो, निजी बैंक, सीमेंट और मीडिया कंपनियों के शेयरों में भी निवेशकों ने दिलचस्पी दिखाई।

वैश्विक बाजारों से मिला समर्थन

भारतीय शेयर बाजार को अंतरराष्ट्रीय बाजारों की मजबूती का भी फायदा मिला। यूरोपीय बाजारों में स्टॉक्स यूरोप 600 में 0.5 फीसदी की बढ़त देखी गई। अमेरिका में एसएंडपी 500 फ्यूचर्स 0.7 फीसदी और नैस्डैक 100 फ्यूचर्स 1.6 फीसदी ऊपर रहे। डाउ जोंस फ्यूचर्स में भी 0.2 फीसदी की तेजी दर्ज की गई।

एशियाई और उभरते बाजारों में भी सकारात्मक कारोबार रहा। एमएससीआई एशिया पैसिफिक इंडेक्स 1.6 फीसदी और एमएससीआई इमर्जिंग मार्केट्स इंडेक्स 1.8 फीसदी चढ़े।

बाजार में लगातार दूसरे दिन आई तेजी से निवेशकों का भरोसा मजबूत हुआ है। विदेशी संस्थागत निवेशकों की खरीदारी, प्रमुख बैंकिंग और ऑटो शेयरों में उछाल तथा अंतरराष्ट्रीय बाजारों के अनुकूल रुख ने घरेलू बाजार को मजबूती देने में अहम भूमिका निभाई।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *