जालंधर में अमित शाह का ऐलान, भाजपा सरकार बनी तो 2029 तक पंजाब को नशा मुक्त करने का लक्ष्य

0
jalandhr-men-amit-shah-ka-ailan-bhaajpa-srkar-bnee-to.jpg

जालंधर: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आज जालंधर के परागपुर में आयोजित ‘नशा मुक्त महारैली’ को संबोधित करते हुए एक बड़ा राजनीतिक एलान किया। शाह ने मंच से वादा किया कि यदि पंजाब में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार बनती है, तो 31 दिसंबर 2029 से पहले पूरे राज्य को पूरी तरह से नशा मुक्त और ‘चिट्टा मुक्त’ बना दिया जाएगा।

जनसभा को संबोधित करते हुए गृह मंत्री ने राज्य की वर्तमान आम आदमी पार्टी सरकार पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि आज पंजाब में चिट्टे (नशे) का व्यापार खुलेआम चल रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि आगामी चुनाव में भले ही किसानों, उद्योग, कानून-व्यवस्था और महिला सुरक्षा जैसे कई अहम मुद्दे हों, लेकिन भाजपा का मुख्य एजेंडा केवल और केवल ‘नशा मुक्त पंजाब’ रहेगा। शाह ने राज्य के युवाओं और माताओं से भाजपा का समर्थन करने की अपील की।

 पंजाब के ऐतिहासिक महत्व को रेखांकित करते हुए अमित शाह ने कहा कि पंजाब देश में दो प्रमुख बातों के लिए जाना जाता है— पहला, देश का अन्न भंडार भरने वाले यहां के मेहनती किसान, और दूसरा, देश की सीमाओं की रक्षा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले पंजाब के वीर जवान। उन्होंने कहा कि आजादी के आंदोलन से लेकर सीमाओं की सुरक्षा तक, पंजाबियों के योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता।

 विपक्षी दलों के बयानों का जवाब देते हुए गृह मंत्री ने कहा कि भाजपा अपने वादों को पूरा करने के लिए जानी जाती है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि जिस तरह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जम्मू-कश्मीर से आतंकवाद, देश से नक्सलवाद और उत्तर-पूर्व (नॉर्थ ईस्ट) से उग्रवाद को समाप्त किया गया है, ठीक उसी तरह अब पंजाब को भी नशे की जाल से पूरी तरह आजाद कराया जाएगा।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *