चारधाम यात्रा में टूटा रिकॉर्ड, 60 लाख के पार पहुंची श्रद्धालुओं की संख्या

0
chardham-yatra-men-toota-riKord-60-lakh-ke-par-phunchee.jpg

देहरादून। उत्तराखंड में चारधाम यात्रा अपने अंतिम पड़ाव की ओर बढ़ रही है, लेकिन श्रद्धालुओं का उत्साह अब भी बरकरार है। केदारनाथ और बदरीनाथ धाम में दर्शन के लिए बड़ी संख्या में भक्त पहुंच रहे हैं। इस वर्ष चारधाम और हेमकुंड साहिब के दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं की कुल संख्या 60 लाख के पार पहुंच गई है। बदरीनाथ धाम के कपाट 16 नवंबर को बंद होने के साथ ही यात्रा का नियमित संचालन शीतकाल के लिए थम जाएगा। इसके बाद श्रद्धालु चारों धामों के शीतकालीन प्रवास स्थलों पर दर्शन कर सकेंगे।

चारधाम यात्रा का शुभारंभ 19 अप्रैल को हुआ था। इस वर्ष मानसून के दौरान भी यात्रा का संचालन जारी रहा। केदारनाथ, बदरीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री के साथ हेमकुंड साहिब में भी श्रद्धालुओं की संख्या ने नया रिकॉर्ड बनाया है। यात्रा के अंतिम चरण में भी धामों में भक्तों की आवाजाही बनी हुई है।

बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने कहा कि केदारनाथ और बदरीनाथ धाम में दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दिशा-निर्देशों के अनुसार यात्रा को सुचारू बनाए रखने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस बार श्रद्धालुओं की संख्या में उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी चारधाम यात्रा में 60 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने पर प्रसन्नता जताई। उन्होंने कहा कि यह आंकड़ा उत्तराखंड के धार्मिक स्थलों के प्रति लोगों की गहरी आस्था और विश्वास को दर्शाता है। राज्य सरकार श्रद्धालुओं की यात्रा को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। इसके तहत यात्रा मार्गों पर सड़क, स्वास्थ्य, यातायात और सुरक्षा व्यवस्थाओं को बेहतर बनाया जा रहा है।

धामों में दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या
– बदरीनाथ धाम: 20,70,500
– केदारनाथ धाम: 17,65,520
– यमुनोत्री धाम: 9,45,572
– गंगोत्री धाम: 8,38,422
– हेमकुंड साहिब: 3,90,696

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed