September 14, 2026

टिहरी में प्रभारी मंत्री गणेश जोशी ने किया ध्वजारोहण, स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों को किया नमन

0
IMG-20260815-WA0186.jpg

टिहरी:  80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रताप इंटर कॉलेज बौराड़ी टिहरी में प्रभारी एवं कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी। उन्होंने देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले महान स्वतंत्रता सेनानियों एवं वीर शहीदों को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने स्वतंत्रता सेनानियों तथा छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि देश की आजादी असंख्य स्वतंत्रता सेनानियों और वीर शहीदों के त्याग, तपस्या और बलिदान का परिणाम है। आजादी के अमृतकाल में युवा पीढ़ी को राष्ट्र निर्माण और देशहित के लिए समर्पित होकर कार्य करने का संकल्प लेना चाहिए। कार्यक्रम के दौरान कैबिनेट मंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया और विभागीय योजनाओं एवं उपलब्धियों की जानकारी ली।

कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह अवसर देश के लिए बलिदान देने वाले वीरों और शहीदों को स्मरण करने का है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड वीरों की भूमि है और सेना में हर पांचवां सैनिक उत्तराखंड से है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत निरंतर मजबूत राष्ट्र के रूप में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में शहीद सैनिकों एवं उनके परिजनों के हित में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं। शहीदों के परिजनों को मिलने वाली अनुदान राशि में वृद्धि, सरकारी नौकरी तथा सैन्य पुरस्कारों के तहत दी जाने वाली प्रोत्साहन राशि में बढ़ोतरी की गई है।

उन्होंने कहा कि आपदा को रोका नहीं जा सकता, लेकिन उसके प्रभाव को कम किया जा सकता है और प्रदेश सरकार द्वारा त्वरित राहत एवं बचाव कार्यों के माध्यम से इसे सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने 1971 के युद्ध में 95 हजार पाकिस्तानी सैनिकों के आत्मसमर्पण तथा बालाकोट स्ट्राइक का उल्लेख करते हुए कहा कि यह नया भारत है, जो हर चुनौती का मजबूती से जवाब देना जानता है। उन्होंने बच्चों और युवाओं से इतिहास को जानने तथा विभाजन विभीषिका से संबंधित प्रदर्शनी को अवश्य देखने की अपील की।

कार्यक्रम में स्वतंत्रता सेनानियों एवं उत्तराखंड आंदोलनकारियों के परिजनों को सम्मानित किया गया। स्कूली छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया, जिसके लिए उन्हें पुरस्कृत भी किया गया। इस दौरान श्रम विभाग द्वारा लाभार्थियों को किट वितरित की गई। मुख्य अतिथि द्वारा कृषि विभाग की ओर से फार्म मशीनरी बैंक योजना के तहत नरसिंह देवता उत्पादक समूह, ग्राम ग्वाड़ सारत्यूला को चार लाख रुपये का चेक प्रदान किया गया। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग द्वारा सचल हेल्थ चेकअप चिकित्सा वैन का शुभारंभ एवं निरीक्षण किया गया।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष इशिता सजवाण, नगर पालिका परिषद टिहरी अध्यक्ष मोहन सिंह रावत, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे, मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल, जिला पंचायत उपाध्यक्ष मान सिंह रौतेला, सदस्य उत्तराखंड अनुसूचित जाति आयोग सुनीता देवी, भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत, कांग्रेस जिलाध्यक्ष मुरारी लाल खंडवाल, अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राम प्रकाश, उपजिलाधिकारी कमलेश मेहता सहित विशाल जन समूह उपस्थित रहा।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed