November 15, 2026

‘ढिंढोरा 2’ का ट्रेलर रिलीज, फिर लौटे भुवन बाम के मजेदार किरदार, इस बार ससुराल में मचेगा धमाल

0
dhindhora-2-ka-trelr-rileej-fir-laute-bhuvn-bam-ke.jpg


Ad 7

भुवन बाम की लोकप्रिय वेब सीरीज ‘ढिंढोरा’ के नए सीजन का इंतजार कर रहे दर्शकों के लिए अच्छी खबर है। लंबे इंतजार के बाद मेकर्स ने दूसरे सीजन का ट्रेलर जारी कर दिया है। ट्रेलर में एक बार फिर भुवन बाम अपने अलग-अलग किरदारों के साथ कॉमेडी का तड़का लगाते नजर आ रहे हैं। इस बार कहानी में नए किरदार की एंट्री के साथ हंसी-मजाक और पारिवारिक उलझनों का डोज भी बढ़ने वाला है। सीरीज में संजीदा शेख की एंट्री ने दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ा दी है।

ट्रेलर में दिखी टिटू मामा की नई मुसीबत

ट्रेलर में टिटू मामा एक बार फिर अपनी किस्मत और अजीबोगरीब परिस्थितियों से जूझते दिखाई दे रहे हैं। इस बार उनकी मुश्किलों की वजह उनका ससुराल बनने वाला है। कहानी में बबलू जी, जानकी, समीर और बांचो जैसे पुराने किरदार भी वापसी कर रहे हैं। खास बात यह है कि इन सभी भूमिकाओं को भुवन बाम ने ही निभाया है। वहीं, इस सीजन में संजीदा शेख भी एक नए और अहम किरदार के साथ जुड़ रही हैं।

कविता मामी बनकर नजर आएंगी संजीदा शेख

सीरीज के दूसरे सीजन में संजीदा शेख टिटू मामा की पत्नी कविता मामी की भूमिका निभाएंगी। उनका किरदार टिटू मामा की हर चाल और बहाने को समझने वाला है। ऐसे में दोनों के बीच होने वाली नोकझोंक कहानी में मनोरंजन का नया रंग जोड़ने वाली है।

भुवन बाम ने बताया क्या होगा खास

सीरीज को लेकर भुवन बाम ने कहा कि ‘बीबी की वाइन्स’ के किरदारों की खासियत यही है कि वे अलग होने के बावजूद दर्शकों को अपने आसपास के लोगों जैसे लगते हैं। टिटू मामा हमेशा ऐसी परिस्थितियों में फंस जाते हैं, जिनकी उन्होंने कल्पना भी नहीं की होती। इस बार वह अपने ससुराल वालों के साथ रिश्ते सुधारने की कोशिश करेंगे, लेकिन इस कोशिश में उनके सामने कई नई परेशानियां आने वाली हैं।

भुवन के मुताबिक, नेटफ्लिक्स के साथ जुड़ने से ‘बीबी की वाइन्स’ की दुनिया को बड़े स्तर पर दिखाने का अवसर मिला है। दूसरे सीजन में पहले से ज्यादा हंगामा और कॉमेडी देखने को मिलेगी। उन्होंने कहा कि टिटू मामा की मौजूदगी में शांति की उम्मीद करना मुश्किल है।

कविता के किरदार को लेकर उत्साहित हैं संजीदा

संजीदा शेख ने कविता मामी की भूमिका मिलने पर खुशी जाहिर की। उनका कहना है कि कविता का किरदार उन्हें इसलिए पसंद आया, क्योंकि वह टिटू मामा को बराबर की टक्कर देने का दम रखती हैं। टिटू मामा भले ही हर बार कोई नया बहाना बना लें, लेकिन कविता उनकी असलियत तुरंत पकड़ लेती हैं।

इस दिन नेटफ्लिक्स पर होगी रिलीज

‘ढिंढोरा’ का दूसरा सीजन 20 नवंबर को ओटीटी मंच नेटफ्लिक्स पर रिलीज होने जा रहा है। ट्रेलर सामने आने के बाद अब दर्शकों को टिटू मामा की नई शरारतों और पारिवारिक ड्रामे का इंतजार है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed